संग्रामपुर/अमेठी। जनपद के अमेठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में टीबी मरीजों को शीघ्र एवं सटीक जांच सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। यहां अत्याधुनिक ट्रूनेट (TrueNat) मशीन स्थापित की गई, जिससे अब तपेदिक सहित अन्य संक्रमणों की जांच तेजी से हो सकेगी।सीएचसी संग्रामपुर के चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि ट्रूनेट एक पोर्टेबल, बैटरी से संचालित आणविक नैदानिक मशीन है, जो टीबी और कोविड-19 जैसे संक्रमणों का त्वरित एवं सटीक पता लगाने में सक्षम है। इस मशीन से थूक की जांच में लगभग 99 प्रतिशत तक सटीक परिणाम प्राप्त होते हैं।उन्होंने बताया कि जहां पारंपरिक आरटी-पीसीआर जांच में अधिक समय लगता है, वहीं ट्रूनेट मशीन करीब एक घंटे में ही रिपोर्ट उपलब्ध करा देती है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह छोटी, पोर्टेबल और उपयोग में आसान है, जिससे इसे दूरस्थ और संसाधन-विहीन क्षेत्रों में भी आसानी से संचालित किया जा सकता है।डॉ. सिंह ने कहा कि इस मशीन के लगने से न केवल मरीजों की समय पर पहचान संभव होगी, बल्कि उपचार प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू की जा सकेगी, जिससे संक्रमण के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ट्रूनेट मशीन कम लागत में बेहतर और विश्वसनीय जांच सुविधा प्रदान करती है, जो ग्रामीण क्षेत्रों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे क्षेत्रीय लोगों को अब जांच के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।