गाजीपुर जखनियां । ब्लॉक मुख्यालय एवं तहसील मुख्यालय से सटी ग्राम पंचायत गौरा खास में पिछले एक वर्ष से अधिक समय से सफाई कर्मी की नियुक्ति न होने के कारण पूरे गांव में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय तथा नालियों की नियमित सफाई न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्राम प्रधान ऋषिकेश गोंड ने बताया कि सफाई कर्मी की नियुक्ति के लिए कई बार खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) एवं एडीओ पंचायत से लिखित एवं मौखिक रूप से मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते गांव में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।ग्रामीणों का आरोप है कि ब्लॉक मुख्यालय पर तैनात सफाई कर्मी दिनभर अधिकारियों की सेवा में लगे रहते हैं, जबकि गांवों में सफाई व्यवस्था उपेक्षित बनी हुई है। स्थिति यह है कि कई ग्राम पंचायतों में एक भी सफाई कर्मी नहीं है, जबकि कुछ गांवों में तीन-तीन सफाई कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।इस संबंध में खंड विकास अधिकारी भीमराव प्रसाद से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि गौरा खास में सफाई कर्मी की नियुक्ति नहीं हुई है, तो शीघ्र ही नियुक्ति कराकर गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई कर्मी की तैनाती कर स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि गांव में फैल रही गंदगी से निजात मिल सके।