चुनार (मिर्जापुर ) स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्राम सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा चतुर्थ एकदिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ माधवी शुक्ला के मार्गदर्शन में आचार्य मंदिर परिसर में महाप्रभु वल्लभाचार्य जी के विचारों को आत्मसात करते हुए स्वच्छता एवं सेवा कार्य द्वारा समाज को शुद्धता का संदेश दिया। उक्त कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ दीपक कुमार सिंह ने भक्ति आंदोलन में महाप्रभु वल्लभाचार्य के योगदान एवं शुद्धाद्वैत के विचारों की प्रासंगिकता को स्वयंसेवकों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। समाजशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ दीप नारायण ने स्वयंसेवकों को स्वच्छता, सेवा कार्य के महत्व को सामाजिक, धार्मिक तथा नैतिक आदर्शों पर चलने के लिये प्रेरित किया।
साथ ही आस-पास के कूड़े-कचरों को साफ सफाई करके स्वच्छता कार्य किया गया। उक्त अवसर पर कई राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने स्वच्छता एवं महाप्रभु की बैठक के महत्व को समझा।कार्यक्रम में विषय प्रवर्तन एवं संयोजन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक कुमार सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विद्या सिंह ने किया। उक्त कार्यक्रम में सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।