बलरामपुर में सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ,नारी शक्ति का दिखा उत्साह

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के तत्वावधान में आयोजित ओपन स्टेट आमंत्रण सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का आज धीरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में चेयरमैन डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतियोगिता का उद्घाटन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी कमाल अहमद,उप क्रीड़ा अधिकारी  प्रवेश कुमार रावत, मो. हसन कुरैशी (सचिव,बलरामपुर फुटबॉल),नागेंद्र गिरी,हिना खातून, अभय सिंह,अतीकुर रहमान (गुड्डू) सहित स्पोर्ट्स स्टेडियम,बलरामपुर के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने कहा कि यह प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारने का मंच है, बल्कि यह महिलाओं के आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा,“आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। खेल के माध्यम से वे न केवल अपने सपनों को साकार कर रही हैं,बल्कि समाज को भी नई दिशा दे रही हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ नारी शक्ति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।”उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही मैदान में खिलाड़ियों का जोश और उत्साह देखने लायक रहा। विभिन्न जनपदों से आई टीमों ने अपनी तैयारी और कौशल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया।यह प्रतियोगिता नारी शक्ति,खेल भावना एवं प्रतिभा के सशक्त प्रदर्शन का प्रेरणादायी मंच साबित हो रही है,जो प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *