बलरामपुर। सोशल मीडिया पर इन दिनों यह अफवाह फैलाई जा रही है कि बलरामपुर स्थित माया होटल के निकट बने बुद्धा पार्क का नाम बदलकर चिल्ड्रेन पार्क किया जा रहा है। हालांकि यह दावा पूरी तरह भ्रामक है। आदर्श नगरपालिका परिषद कार्यालय में आयोजित बैठक में अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने स्पष्ट किया था कि बुद्धा पार्क का नाम यथावत बुद्धा पार्क ही रहेगा और इसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया था कि बलरामपुर स्थित बुद्धा पार्क का लगभग 5000 वर्ग फीट क्षेत्र में विस्तार किया जाएगा,ताकि भगवान बुद्ध की इस पावन स्थली को और अधिक भव्य तथा सुंदर रूप दिया जा सके।नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि करुणा के सागर तथागत भगवान बुद्ध हम सभी के लिए अत्यंत पूजनीय हैं। उनके उपदेश,प्रार्थना और दर्शन का हमारे जीवन में विशेष महत्व है।उन्होंने बताया कि आगामी समय में इस स्थल के पुनरोद्धार और विस्तार के बाद बुद्धा पार्क पूरे जनपद के लोगों के लिए भगवान बुद्ध की पूजा,दर्शन और आस्था का प्रमुख केंद्र बने,यही उनका प्रयास रहेगा।