गाजीपुर, रमजान, ईद-उल-फितर तथा चैत नवरात्रि/रामनवमी के त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराजा राजा की उपस्थिति में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पीस कमेटी सदस्यों से स्थानीय स्तर पर आयोजित बैठकों की फीडबैक ली। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या आशंका होने पर तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें। सदस्यों ने आश्वस्त किया कि जिले में शांति और सौहार्द का माहौल है तथा सभी त्योहार पारंपरिक तरीके से शांतिपूर्वक मनाए जाएंगे।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने नगर पालिका, नगर पंचायत और पंचायत राज विभाग को विशेष रूप से सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रहे।पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराजा राजा ने सभी क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी लापरवाहियां भी बड़ी घटनाओं का कारण बन सकती हैं, इसलिए सभी को सतर्क रहना होगा।बैठक के दौरान अधिकारियों और पीस कमेटी के सदस्यों ने एक स्वर में त्योहारों को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने का संकल्प दोहराया। अंत में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को रामनवमी एवं ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं देते हुए शांति बनाए रखने की अपील की।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) आयुष चौधरी, एसपी ग्रामीण सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं पुलिस विभाग के जवान उपस्थित रहे।