रनटोला में नहीं बिछी हर घर जल योजना की पाइपलाइन

म्योरपुर, सोनभद्र। विकास खंड म्योरपुर के ग्राम पंचायत रनटोला में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री हर घर जल नल योजना (जल जीवन मिशन) अब तक धरातल पर पूरी तरह नहीं उतर सकी है। गांव में पानी की टंकी का निर्माण तो महीनों पहले करा दिया गया, लेकिन आज तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई, जिससे ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि दक्षिणांचल के इस आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में हर साल गर्मी के मौसम में पानी की गंभीर समस्या हो जाती है। कई हैंडपंप और बोरिंग जवाब दे देते हैं, जिससे लोगों को दूर-दराज के श्रोतों से पानी लाना पड़ता है। ऐसे में पाइपलाइन न बिछने से स्थिति और भी चिंताजनक बनी हुई है।read more:https://khabarentertainment.in/foundation-day-of-bharatiya-kisan-sangh-celebrated/ ग्रामीण राजकुमार खरवार, बबई, रामजनम, छोटेलाल, पुष्पा देवी, सावित्री देवी, हीरालाल, मानिकचंद, अरविंद, प्रेमप्रकाश, प्रशांत दुबे सहित अन्य लोगों ने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही इस योजना से उन्हें बड़ी उम्मीद थी, लेकिन जिम्मेदार विभाग की लापरवाही के चलते अब तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। एक ओर जहां सरकार गांव-गांव तक नल से जल पहुंचाने का दावा कर रही है, वहीं म्योरपुर ब्लॉक के कई ग्राम पंचायतों में स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग के कुछ अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही के कारण योजना अधूरी पड़ी है। इस संबंध में जल जीवन मिशन (नमामि गंगे) के अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि अन्य ग्राम पंचायतों में कार्य प्रगति पर है और वहां का काम पूरा होने के बाद रनटोला में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाएगा। गौरतलब है कि इस योजना की शुरुआत 15 अगस्त 2019 को हुई थी, जिसका उद्देश्य वर्ष 2024 तक हर ग्रामीण घर तक नल से जल पहुंचाना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *