पहल टुडे, जिला ब्यूरो – रवि प्रकाश द्विवेदी
संग्रामपुर/अमेठी। ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 23 मार्च को मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर विकासखंड संग्रामपुर मे स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।सामाजिक संगठन महापदमनंद वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन के संयोजन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, भ्रांतियों को दूर करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।आयोजक घनश्याम शर्मा अध्यक्ष महापदमनंद वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन का कहना है कि ग्रामीण समाज में आज भी रक्तदान को लेकर कई तरह की नकारात्मक धारणाएं और भय मौजूद हैं, जिसके चलते जरूरत पड़ने पर भी लोग रक्तदान से पीछे हटते हैं। जबकि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है, जो किसी का जीवन बचाने के साथ समाज में सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करता है।शिविर में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों सहित जागरूक नागरिकों की भागीदारी प्रस्तावित है। संस्था ने पुलिस अधीक्षक से कार्यक्रम में शामिल होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने और लोगों को प्रेरित करने का अनुरोध किया है।