कैसरगंज में एलपीजी सिलेंडर के लिए अफरातफरी, घंटों लाइन में खड़े उपभोक्ता

ईरान–इजरायल तनाव का असर!

बहराइच ( कैसरगंज )। मध्य-पूर्व में चल रहे Iran–Israel conflict के बीच अब इसका असर स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिलने लगा है। कैसरगंज तहसील क्षेत्र में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया है। गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को घंटों इंतजार के बाद सिलेंडर मिल पा रहा है।जानकारी के अनुसार कैसरगंज क्षेत्र के विभिन्न गैस केंद्रों पर सैकड़ों की संख्या में लोग खाली सिलेंडर लेकर पहुंच रहे हैं। कई स्थानों पर स्थिति यह है कि उपभोक्ताओं को पूरा दिन लाइन में खड़े रहने के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। वहीं कई गैस एजेंसियों ने फिलहाल होम डिलीवरी भी बंद कर दी है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।तहसील क्षेत्र के जरवल रोड, फखरपुर और हुजूरपुर समेत कई कस्बों और गांवों में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर लोगों में बेचैनी देखी जा रही है। सबसे अधिक दिक्कत उन परिवारों को हो रही है जिनके घरों में गैस सिलेंडर खत्म हो चुका है या खत्म होने वाला है। ऐसे लोग मजबूरी में कई किलोमीटर दूर गैस एजेंसियों तक खाली सिलेंडर लेकर पहुंच रहे हैं।स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि कुछ दिन पहले ही गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी हुई थी, जिसके बाद आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि क्षेत्र में दिखाई दे रही कमी वास्तविक आपूर्ति की समस्या है या फिर युद्ध की खबरों के चलते फैली अफवाहों का असर, इस पर अभी तक कोई जिम्मेदार अधिकारी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता रहा है।क्षेत्र में सिलेंडर की कमी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है और इसका सीधा असर आम लोगों की रसोई पर पड़ेगा।गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें और सिलेंडर के लिए जूझते उपभोक्ता इस बात का संकेत दे रहे हैं कि कैसरगंज क्षेत्र में फिलहाल एलपीजी गैस की स्थिति सामान्य नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *