परिवार और जिले में खुशी की लहर, लोगों ने दी बधाई
फतेहपुर। जनपद के लिए यह अत्यंत गर्व और प्रेरणा का क्षण है कि शहर के होनहार छात्र मानस अग्रहरि ने वर्ष 2026 की चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) परीक्षा में ऑल इंडिया 19वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम पूरे देश में रोशन किया है।मानस अग्रहरि महेंद्र कुमार गुप्ता और गुंजन गुप्ता के पुत्र हैं। उनके पिता महेंद्र कुमार गुप्ता रेलवे स्टेशन फतेहपुर में सीएमआई के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गुंजन गुप्ता एक सरकारी अध्यापिका हैं। माता-पिता के संस्कार, मार्गदर्शन और मानस की कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मानस ने नई दिल्ली की प्रतिष्ठित एसआरसीसी यूनिवर्सिटी से बीकॉम फाइनल की पढ़ाई पूरी करते हुए अपनी प्रतिभा और परिश्रम का परिचय दिया। उनकी इस सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे फतेहपुर जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। मानस अग्रहरि की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने साबित कर दिया कि लगन, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। फतेहपुर की धरती से निकली यह सफलता आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर समाज के लोगों ने मानस अग्रहरि को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर महेंद्र गुप्ता, मनोज घायल, नरेंद्र सिंह रिक्की, बबलू गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।