शेरकोट। सऊदी अरब के दम्माम शहर में कार्यरत शेरकोट के एक व्यक्ति की हार्ट अटैक से अचानक मौत हो जाने की खबर से परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला कोटरा निवासी मोहम्मद इंतेखाब (47) पुत्र इंतजार रोज़गार के सिलसिले में सऊदी अरब गए हुए थे और दम्माम की एक कंपनी में काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उनके साथ मौजूद साथियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई।मृतक के भांजे शाकिब अहमद ने बताया कि मोहम्मद इंतेखाब जून 2025 में नौकरी के लिए सऊदी अरब गए थे और तब से वहीं कार्य कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। विदेश में मौजूद उनके साथी और परिचित लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं तथा शव को भारत लाने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
मोहम्मद इंतेखाब अपने पीछे तीन बेटियों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।