बाराबंकी। रामनगर तहसील क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध पाया गया। रामनगर-फतेहपुर मार्ग स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप, लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर रचना के पास स्थित एचपी पेट्रोल पंप तथा मझौनी में संजय तिवारी के पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। इन पेट्रोल पंपों पर किसानों, व्यापारियों और वाहन चालकों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं हो रही है। हालांकि महादेवा स्थित लोधेश्वर फिलिंग स्टेशन (एचपी) और रामनगर के अवस्थी पेट्रोल पंप पर डीजल उपलब्ध नहीं मिला। लोधेश्वर फिलिंग स्टेशन के मैनेजर रामविजय वाजपेई ने बताया कि उनके पास करीब 6000 लीटर डीजल था, जो कुछ ही समय में बिक गया। बड़ी संख्या में किसान और भारी वाहन चालक जरूरत से ज्यादा डीजल खरीदकर ले गए, जिसके कारण स्टॉक खत्म हो गया।read more :https://pahaltoday.com/president-attends-empowered-women-prosperous-delhi-programme/ उन्होंने बताया कि जल्द ही डीजल का टैंकर आने वाला है और आपूर्ति सामान्य हो जाएगी। क्षेत्र में कई स्थानों पर किसान पिपलिया लेकर पेट्रोल पंपों पर डीजल खरीदते हुए भी दिखाई दिए। बनरकी क्षेत्र के एक किसान ने बताया कि वह सिंचाई के लिए डीजल लेने आया है। हालांकि वर्तमान में गेहूं की फसल खेतों में खड़ी है और आलू की खुदाई का कार्य चल रहा है, ऐसे में अभी व्यापक स्तर पर सिंचाई की अधिक आवश्यकता भी नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ईरान-इजरायल युद्ध को लेकर फैली अफवाहों के कारण कई लोग डीजल का अतिरिक्त भंडारण कर रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि जनपद में डीजल-पेट्रोल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। होली त्योहार के चलते डीजल की बिक्री ज्यादा हुई है। यदि किसी एक-दो पेट्रोल पंप पर अस्थायी रूप से कमी हुई है तो जल्द ही आपूर्ति करा दी जाएगी। जिला प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें।