नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में एसी फटने से भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। आग की सूचना सुबह 3:47 बजे मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह लगभग 03:48 बजे विवेक विहार थाने को विवेक विहार फेज-1 के मकान नंबर बी-13 में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस,एसएचओ और एसीपी विवेक विहार के साथ घटनास्थल पर पहुंची। दमकल विभाग और क्राइम टीम भी मौके पर जुट गईं। बिल्डिंग की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित छह फ्लैट आग की चपेट में आ गए थे। आग बुझाने और बचाव कार्यों के दौरान इमारत से 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए पास के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियों के साथ ही आपदा प्रबंधन दल, स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस कर्मी घटनास्थल पर मौजूद रहे।read more:https://pahaltoday.com/asp-shubham-agarwal-conducted-the-half-yearly-inspection-of-chauri-police-station/ प्रारंभिक जांच के दौरान यह पाया गया कि इस घटना में नौ लोगों की जान चली गई है। फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी ने बताया कि अलग-अलग मंजिलों से 9 जले हुए शव बरामद किए गए हैं। इनमें पहली मंजिल से 1 शव, दूसरी मंजिल से 5 शव और मुमटी सीढ़ियों के पास से 3 शव मिले हैं। इन शवों को पुलिस की क्राइम टीम को सौंप दिया गया है। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है, क्योंकि आशंका है कि कुछ और लोग फंसे हो सकते हैं। हादसे की जानकारी मिलने के बाद शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय निवासी रोहित ने बताया कि आग एसी में धमाका होने से लगी थी, जो सुबह करीब 03:13 बजे हुई। एक अन्य निवासी चरणजीत सिंह ने बताया कि फायर ब्रिगेड ने बालकनी से करीब 20 लोगों को बचाया। इस घटना के बाद आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही जारी है। गौरतलब है कि दिल्ली में एसी फटने की यह दूसरी घटना है। शनिवार को गोकुलपुरी में भी एसी फटने से चार साल के एक मासूम की मौत हो गई थी, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से झुलस गया था।