मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से 324 जोड़ों की हुई शादी

सोनभद्र। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरूवार को चोपन स्थित रेलवे फुटबॉल मैदान में भव्य आयोजन कर 324 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें 322 हिन्दू व 2 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। जिला प्रशासन की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में चोपन से 77, कोन से 65, दुद्धी से 68, म्योरपुर से 59 एवं बभनी से 55 जोड़ों ने भाग लिया। समारोह में राज्यमंत्री संजीव गोड़, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर 1 लाख खर्च निर्धारित है, जिसमें 60 हजार की धनराशि कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी, जबकि 25 हजार की उपहार सामग्री में गहने, वस्त्र, घरेलू सामान व अन्य उपयोगी वस्तुएं प्रदान की गईं तथा 15 हजार प्रति जोड़ा भोजन, पंडाल, बिजली व अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए गए। कार्यक्रम में बिरला कार्बन रेनुकूट द्वारा भी नवविवाहित जोड़ों को उपहार दिए गए। आयोजन स्थल पर सेल्फी प्वाइंट और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया तथा समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *