मंदिर परिसर में टूटा 11 हजार वोल्ट लाइन का तार, करंट की चपेट में आने से कुत्ते की मौत

गागलहेड़ी। थाना क्षेत्र के छाछरेकी गांव स्थित खेड़ा मंदिर एवं गोगा म्हाड़ी परिसर में शनिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। मंदिर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन का तार अचानक टूटकर मंदिर परिसर में गिर गया, जिससे पूरे क्षेत्र में करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से एक कुत्ते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समय रहते श्रद्धालुओं की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार शनिवार प्रातः मंदिर में पूजा करने पहुंची श्रद्धालु सोनू देवी और रितु ने देखा कि मंदिर परिसर में एक कुत्ता करंट की चपेट में आ गया है और उसके शरीर से धुआं निकल रहा है। यह दृश्य देखकर दोनों महिलाएं घबरा गईं और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।read more:https://khabarentertainment.in/administration-gears-up-for-kanwar-yatra-divisional-commissioner-issues-strict-directives/सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान राहुल त्यागी मौके पर पहुंचे और तत्काल विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर टूटे हुए तार को हटाकर विद्युत लाइन को दुरुस्त किया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी। ग्राम प्रधान राहुल त्यागी ने बताया कि गांव के लोग पिछले करीब एक वर्ष से विद्युत विभाग से जर्जर तारों को बदलकर प्लास्टिक कोटेड (एबी) केबल लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते लाइन नहीं बदली गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मंदिर परिसर और आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रही जर्जर विद्युत लाइनों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। घटना के बाद गांव में भय का माहौल है और लोग विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *