गाजीपुर। सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी अनुपालन और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बिरनो टोल प्लाजा पर रविवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 160 वाहनों का चालान करते हुए कुल 3,39,700 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए तीन चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/
यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार एवं थाना प्रभारी बिरनो ने किया। इसके लिए कुल आठ संयुक्त टीमों का गठन किया गया था।जांच के दौरान नशे में वाहन चलाने वाले तीन चालक पकड़े गए, जबकि प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले सात वाहनों और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले दस वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ड्रंकन ड्राइविंग, प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर और एचएसआरपी नंबर प्लेट संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराना है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के साथ सभी की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।