महात्मा ज्योतिबा फूले रोहिलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के मानसरोवर छात्रावास स्थित भोजनालय ‘अन्नपूर्णा’ का लोकार्पण विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य (डॉ.) अनिल कुमार राय के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। यह भोजनालय पूर्व में जर्जर अवस्था में था, जिसके आधुनिकीकरण और उच्चीकरण की आवश्यकता को देखते हुए कुलपति महोदय ने पूर्व में ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।इस अवसर पर कुलपति महोदय ने कहा, “छात्रों का स्वास्थ्य और स्वच्छता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह नवीनीकृत भोजनालय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण भोजन और बेहतर वातावरण प्रदान करेगा, जिससे वे अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें। मानसरोवर छात्रावास के छात्रों के लिए यह एक सौगात है और मैं सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।”उन्होंने आगे कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी इस तरह के सुधारात्मक कार्य किए जाते रहेंगे।
भोजनालय की नई सुविधाएँ:
पीएम-उषा (PM-USHA) के अंतर्गत नवीनीकृत इस भोजनालय में छात्रों के लिए निम्नलिखित व्यवस्थाएँ की गई हैं:
विशाल और स्वच्छ सामूहिक भोजन कक्ष
आधुनिक पाकशाला (Kitchen)
आर.ओ. मशीन द्वारा परिष्कृत शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था
कार्यक्रम का संचालन:
उद्घाटन के पश्चात कुलपति महोदय ने पूरे भोजनालय परिसर का भ्रमण किया और छात्रों से सीधा संवाद किया। छात्रों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति महोदय को धन्यवाद ज्ञापित किया। मानसरोवर छात्रावास के वार्डन डॉ. सौरभ मिश्रा द्वारा कुलपति जी का पौधा भेंट कर एवं पुस्तक भेंट कर स्वागत किया गया।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री महेंद्र कुमार सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल कुमार यादव, प्रोफेसर एस.के. पांडे, प्रोफेसर संजय मिश्रा, प्रो एस एस बेदी, प्रोफेसर विजय बहादुर यादव, प्रोफेसर अमित सिंह, प्रोफेसर जे.एन. मौर्य, प्रोफेसर त्रिलोचन शर्मा सहित बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारीगण एवं छात्र उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन मानसरोवर छात्रावास छात्र समिति द्वारा किया गया।
मीडिया सेल, एमजेपीआरयू, बरेली