बीना, सोनभद्र। मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित जयंत चैकी क्षेत्र के मस्जिद मार्केट में गुरुवार शाम हुई ज्वेलरी शॉप लूटकांड में शामिल एक आरोपी को अनपरा पुलिस ने शुक्रवार तड़के बैरपान के पास हाईवे पर हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी रोशन स्वीपर घायल हो गया, जबकि बाइक सवार उसका साथी राहुल स्वीपर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।पुलिस के मुताबिक, वारदात की सूचना मिलते ही विंध्यनगर पुलिस ने सोनभद्र के सीमावर्ती थानों को अलर्ट कर दिया था। इसके बाद शक्तिनगर और अनपरा पुलिस ने हाईवे व प्रमुख मार्गों पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल बदमाश क्षेत्र से परिचित थे और शक्तिनगर होते हुए हाईवे के रास्ते वाराणसी की ओर निकलने की कोशिश कर रहे थे। बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे बैरपान के पास जांच के दौरान अनपरा पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष पुण्य प्रसून श्रीवास्तव के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रोशन स्वीपर को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि उसका साथी राहुल मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ में घायल रोशन को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल सोनभद्र रेफर कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से लूटे गए कुछ सोने के जेवरात और करीब 50 हजार रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। वारदात में प्रयुक्त बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette
छह बदमाशों के शामिल होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, ज्वेलरी शॉप लूटकांड में कुल छह बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और उनके ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि घायल आरोपी से विस्तृत पूछताछ के बाद वारदात में शामिल अन्य लोगों और लूट की पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश अनपरा-रेनुकूट मार्ग की ओर भागे थे, लेकिन मार्ग पर लगे भीषण जाम के कारण उनकी रफ्तार थम गई। बताया जा रहा है कि जाम हटाने के लिए पुलिस की सक्रियता देखकर दोनों बदमाश वापस बैरपान की ओर लौटने लगे। इसी दौरान पुलिस की जांच और घेराबंदी में वे फंस गए और मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया।
विषैले जन्तु के काटने से छात्रा की मौत
म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के कुड़पान ग्राम पंचायत में गुरुवार दोपहर विषैले जंतु के काटने से 12 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। वह कक्षा सात की छात्रा थी। वह खेत की तरफ जा रही थी, इसी दौरान उसे किसी विषैले जन्तु ने काट लिया।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के कूड़पान गांव निवासी सीताराम यादव की 12 वर्षीय पुत्री सोनी गुरुवार दोपहर खेत में जा रही थी। इसी दौरान किसी विषैले जंतु ने उसके बाएं पैर के अंगूठे में काट लिया। सोनी ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सीएचसी म्योरपुर पहुंचे। सीएचसी अधीक्षक डा. शिशिर श्रीवास्तव ने प्राथमिक जांच के बाद सोनी को मृत लाया घोषित कर दिया। घटना की सूचना मेमो के माध्यम से म्योरपुर पुलिस को दी गई है। मृतका कक्षा सात की छात्रा थी। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में भी शोक का माहौल हो गया।