*फिरोजाबाद*। देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद राजेश कुमार जादौन की स्मृति में ग्राम हुसैनपुर बैजुआ में बनाए गए स्मारक का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो गया है। संस्कृति विभाग की ओर से करीब 60.38 लाख रुपये की लागत से कराए गए इस कार्य को 100 प्रतिशत पूरा बताया गया है।स्मारक परिसर में गेट कॉम्प्लेक्स का निर्माण, म्यूरल वर्क, इंटरलॉकिंग पाथवे और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके साथ ही पुराने गेट और स्मारक का जीर्णोद्धार भी कराया गया है। इससे स्मारक को नया और आकर्षक स्वरूप मिला है।
*2001 में आतंकियों से मुठभेड़ में दिया बलिदान*
अमर शहीद राजेश कुमार जादौन भारतीय सेना की राजपूत रेजिमेंट में शामिल हुए थे। बाद में उन्हें जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों के लिए तैनात 3वीं राष्ट्रीय राइफल्स में भेजा गया था।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/25 जून 2001 को राजौरी, जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अंतिम सांस तक मुकाबला किया और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी वीरता और सेवा को मरणोपरांत सम्मानित किया गया।परिवार को जनवरी 2023 में 6 यूपी बटालियन एनसीसी, फिरोजाबाद की ओर से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा भारत सरकार के ‘शत-शत नमन’ कार्यक्रम के माध्यम से भी शहीद को श्रद्धांजलि दी गई।
*आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा स्मारक*
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि शहीद राजेश कुमार जादौन का बलिदान देश की रक्षा के लिए समर्पित वीर जवानों के साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। हुसैनपुर बैजुआ में विकसित स्मारक आने वाली पीढ़ियों को उनके त्याग, वीरता और देशप्रेम से परिचित कराने के साथ राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करेगा। सरकार शहीदों की स्मृतियों को संरक्षित करने और उनके स्मारकों को बेहतर सुविधाओं से विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है।