टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गाजियाबाद में क्षय रोगियों को वितरित की गईं 150 पोषण पोटली

गाजियाबाद। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत “टीबी मुक्त भारत अभियान” के तहत जनपद गाजियाबाद में क्षय रोगियों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, गाजियाबाद श्री कुमार सौरभ द्वारा क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गईं। कार्यक्रम के दौरान PSI India द्वारा 100 पोषण पोटली तथा रेड क्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद के निवर्तमान अध्यक्ष श्री सुभाष गुप्ता द्वारा 50 पोषण पोटली उपलब्ध कराई गईं। इस सहयोग के लिए मुख्य विकास अधिकारी ने PSI India एवं श्री सुभाष गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल यादव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि टीबी का उपचार पूरी तरह संभव है। इसके लिए रोगियों का समय से परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार नियमित दवा का सेवन तथा निर्धारित अवधि तक उपचार पूरा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उपचार के साथ-साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार रोगी के स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी क्षय रोगियों से बिना किसी बाधा के अपना उपचार पूरा करने तथा परिवार एवं समाज के लोगों से टीबी रोगियों को सहयोग और पोषण सहायता प्रदान करने की अपील की।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ का स्वागत जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल यादव एवं श्री सुभाष गुप्ता द्वारा किया गया। अपने संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि टीबी को समाप्त करना केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर समय से जांच कराने, चिकित्सक द्वारा निर्धारित उपचार को बीच में न छोड़ने तथा क्षय रोगियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और जनसहभागिता इन प्रयासों की सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने सभी विभागों, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से मिलकर कार्य करने का आह्वान किया, ताकि जनपद गाजियाबाद सहित पूरे देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम समन्वयक राघवेन्द्र सिंह चौहान, संजय यादव, सुमन लता यादव, चंद्र प्रकाश गौड़, रवीन्द्र कुमार, नीरज शर्मा, नागेन्द्र सिंह सहित PSI India की श्रीमती राधा एवं श्री पवन तथा अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “टीबी का इलाज संभव है—समय से जांच कराएं, पूरा उपचार लें और पोषण का ध्यान रखें।”
— जिला क्षय रोग अधिकारी, गाजियाबाद।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *