सोनभद्र। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से धान खरीद की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिले में धान क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाने और खरीद से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।जनसुनवाई कक्ष में धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने खाद्य विभाग के अनुमोदित 38 क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 50 करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मंडी समिति और भारतीय खाद्य निगम के वर्तमान दो-दो क्रय केंद्रों में भी दो-दो केंद्र बढ़ाने को कहा गया है। जिला पीसीएफ को अपने 30 धान क्रय केंद्रों का प्रस्ताव तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteजिलाधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष जिले में 1,25,837.34 मीट्रिक टन धान की वास्तविक खरीद हुई थी। जिले में धान की उत्पादकता को देखते हुए इस वर्ष खरीद लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी और उप निदेशक कृषि को आवश्यक कार्रवाई करते हुए 1,70,000 मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित करने की प्रक्रिया पूरी करने को कहा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीद से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं और सुचारू खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.ध्रा.) वागीश कुमार शुक्ला, उप निदेशक कृषि, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, मंडी सचिव रॉबर्ट्सगंज, जिला खाद्य विपणन अधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।