गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, गाजीपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, प्रयोगशालाओं और भोजनालय का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा 12 में चल रही गणित की कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों की विषय पर पकड़ परखी। उन्होंने अध्यापक द्वारा पढ़ाए जा रहे गणित के प्रश्न को विद्यार्थियों से ब्लैक बोर्ड पर हल कराया और उनकी समझ का आकलन किया। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें। ऐसा कार्य करें जिससे परिवार के साथ-साथ जनपद और देश का नाम भी गौरवान्वित हो।विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को विद्यालय प्रशासन तक आसानी से पहुंचाने के लिए जिलाधिकारी ने शिकायत एवं सुझाव बॉक्स लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों को संत रविदास जी के जीवन और विचारों की जानकारी देते हुए उनके जीवन एवं कृतित्व का अध्ययन करने के लिए भी प्रेरित किया।डीएम ने रसायन विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए स्थापित एटीएल प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया और वहां की सुविधाओं का जायजा लिया।
read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/
छात्राओं से पूछा—आगे क्या बनना चाहती हैं
बालिका छात्रावास के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से पढ़ाई, छात्रावास की सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में बातचीत की। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहती हैं। साथ ही लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं से छात्रावास में किसी प्रकार की समस्या के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उन्हें कोई परेशानी नहीं है।इसके बाद जिलाधिकारी ने बालिका भोजनालय का निरीक्षण किया और भोजन की गुणवत्ता तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने भोजनालय में एसी लगाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के साथ लाइन में लगकर स्वयं भोजन लिया और छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सहजता से बातचीत करते हुए पढ़ाई और अन्य आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।जिलाधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता को भी परखा और विद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए किसी भी विद्यार्थी को अतिरिक्त सामग्री या सुविधा की आवश्यकता हो तो विद्यालय प्रशासन के माध्यम से इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।निरीक्षण के दौरान जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल, शिक्षकगण, विद्यालय स्टाफ तथा छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।