श्रावण मास: तीसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

गुप्त काशी शिवद्वार में लाखों कांवड़ियों ने किया बाबा उमामहेश्वर का जलाभिषेक, भोर से ही मंदिरों में लगी लंबी कतारें
सोनभद्र। श्रावण मास के तीसरे सोमवार को जिलेभर के शिवालय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे। भोर होते ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। गेरुआ वस्त्रों में सजे कांवड़ियों के जत्थों से प्रमुख शिवधामों की राहें भक्तिमय नजर आईं। जगह-जगह बोल बम के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना किया।गुप्त काशी के नाम से विख्यात शिवद्वार धाम में तीसरे सोमवार को आस्था का सबसे बड़ा नजारा देखने को मिला। देर रात से ही कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह होते-होते मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र श्रद्धालुओं से पट गया। लाखों कांवड़ियों ने बाबा उमामहेश्वर को गंगाजल अर्पित कर जलाभिषेक किया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा शिवद्वार धाम गुंजायमान रहा। कांवड़ियों ने लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार किया और बाबा उमामहेश्वर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार व्यवस्था संभालती रहीं। शिवद्वार के अलावा जिले के विभिन्न शिव मंदिरों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। भक्तों ने बेलपत्र, धतूरा, फूल, दूध और गंगाजल अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। श्रावण सोमवार को लेकर कांवड़ियों में खासा उत्साह रहा। विभिन्न मार्गों से गुजरते कांवड़िया जत्थों के कारण वातावरण पूरी तरह शिवमय नजर आया। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने कांवड़ियों के लिए जलपान, फल और प्रसाद की व्यवस्था की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों तथा मंदिर परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखे थे। यातायात को सुचारु रखने के लिए भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगातार निगरानी की जाती रही।

read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/
सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन की रही पैनी नजर
सोनभद्र। पावन श्रावण मास में प्राचीन शिवद्वार धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कांवड़ यात्री बाबा भोलेनाथ के दर्शन-पूजन व जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शिवद्वार धाम पहुंचकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल और श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर व्यवस्थाएं चाक-चैबंद रखने के साथ ही भीड़ की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंदिर परिसर एवं आसपास तैनात सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की आवाजाही को सुचारु रखा जाए, ताकि किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *