दुद्धी, सोनभद्र। नगर पंचायत दुद्धी में कार्यरत सफाई कर्मियों को कई माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने शुक्रवार को तहसील तिराहे पर सांकेतिक प्रदर्शन कर विरोध जताया। कर्मचारियों ने लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान कराने के साथ नगर पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दुद्धी में सचिव की स्थायी नियुक्ति की मांग उठाई।सफाई कर्मियों का कहना है कि वे नियमित रूप से नगर की सफाई व्यवस्था में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन कई महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/ प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नगर पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि दुद्धी नगर पंचायत में ऐसे सचिव की नियुक्ति की जाए, जो नियमित रूप से दुद्धी में रहकर कार्यालयीय कार्यों का संचालन करे। कर्मचारियों के मुताबिक स्थानीय स्तर पर सचिव की उपलब्धता रहने से कर्मचारियों की समस्याओं का समय से समाधान होने के साथ नगर पंचायत के कामकाज में भी तेजी आएगी। सफाई कर्मियों ने कहा कि वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से हस्तक्षेप कर लंबित वेतन का जल्द भुगतान कराने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूर होंगे। वहीं स्थानीय लोगों ने भी नगर पंचायत की प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा सफाई कर्मियों के बकाया वेतन का जल्द भुगतान कराने की मांग की है।