गाजीपुर । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की व्यापक रूपरेखा तैयार की गई है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। जिले में क्रासकंट्री रेस, प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व शहीद परिवारों का सम्मान, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, फल-मिष्ठान वितरण तथा विभिन्न संस्थानों में देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह 6:30 बजे से 7 बजे तक क्रासकंट्री रेस का आयोजन नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम से किया जाएगा। रेस पीजी कॉलेज चौराहा, पुलिस लाइन मेन गेट होते हुए आदर्श बौद्ध इंटर कॉलेज तक जाएगी और पुनः इसी मार्ग से लौटकर नेहरू स्टेडियम के मुख्य द्वार पर समाप्त होगी। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक जिला क्रीड़ा अधिकारी रहेंगे।इसके बाद सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक प्रभात फेरी निकाली जाएगी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से शुरू होकर यह प्रभात फेरी अफीम फैक्ट्री होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। प्रभात फेरी में शामिल विद्यार्थी ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद रहेंगे।सुबह 8 बजे ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन होगा। वहीं सुबह 8:30 बजे रायफल क्लब ग्राउंड में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम के महत्व पर गोष्ठी भी आयोजित होगी।राजकीय संप्रेक्षण गृह एवं प्लेस ऑफ सेफ्टी में भी सुबह 8 बजे ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद बच्चों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी ध्वजारोहण के बाद मरीजों और बच्चों को फल-मिष्ठान बांटा जाएगा।ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के अमृत सरोवरों तथा ग्राम सचिवालयों पर भी ध्वजारोहण के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन स्थानों पर पौधरोपण, प्रकाश व्यवस्था, स्वतंत्रता संग्राम के महत्व पर संगोष्ठी और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम कराए जाएंगे।जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होगा। विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास और देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के प्रेरक प्रसंग विद्यार्थियों को बताए जाएंगे। देशप्रेम की भावना जागृत करने के लिए नाटक, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद, प्रदर्शनी और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।सुबह 9 बजे वृद्धा आश्रम में फल एवं मिष्ठान वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही आश्रम पद्धति विद्यालय चकेरी में बच्चों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम का समन्वय जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा किया जाएगा।सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पौधरोपण किया जाएगा। इसी समय दलित बाहुल्य मलिन बस्ती रजागंज में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर मिष्ठान वितरण किया जाएगा। इसके अलावा अन्य दलित मलिन बस्तियों को चिन्हित कर वहां भी विशेष सफाई अभियान और मिष्ठान वितरण कराया जाएगा।दोपहर 12:30 बजे जिला अस्पताल एवं महिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। दोपहर 1:30 बजे जिला कारागार में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा तथा बंदियों को फल एवं मिष्ठान वितरित किया जाएगा। दोपहर 2 बजे राजकीय विशेष गृह एवं मूक-बधिर संस्थाओं में मिष्ठान वितरण किया जाएगा।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक कृषि विज्ञान केंद्र पर कम से कम 75 किसानों को पौधे और तिरंगा भेंट किए जाएंगे। इसके अलावा 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी कार्यालयों, भवनों तथा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्मारकों पर तिरंगा झंडा और तिरंगा लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। घर-घर तिरंगा अभियान के तहत नागरिकों को भी अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों को गरिमापूर्ण, व्यवस्थित और उत्साहपूर्ण ढंग से आयोजित कराया जाए, ताकि राष्ट्रीय पर्व के माध्यम से लोगों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हो।