गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल सात खाद्य नमूने संकलित किए, जबकि 20 किलो ग्राम दूषित मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया गया। नष्ट कराई गई मिठाई की अनुमानित कीमत करीब तीन हजार रुपये बताई गई है।अभियान के दौरान यूसुफपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास मुहम्मदाबाद स्थित राजेश कुमार राजभर के प्रतिष्ठान ओम जी स्वीट हाउस से बेसन लड्डू का नमूना लिया गया। रोजा खोया मंडी गाजीपुर स्थित रामचंद्र राम के प्रतिष्ठान से बूंदी लड्डू तथा जय मां काली स्वीट मेटेरियल के प्रतिष्ठान से बूंदी लड्डू का नमूना संकलित किया गया।इसी क्रम में रोजा खोया मंडी स्थित प्रकाश वर्मा के प्रतिष्ठान से बूंदी लड्डू, कुतुबपुर तिराहा कासिमाबाद स्थित गोखुल मधुशेरिया स्वीट हाउस से बूंदी लड्डू तथा सलेमपुर मोड़ मोहम्मदाबाद स्थित न्यू सागर स्वीट हाउस से बेसन लड्डू और बूंदी लड्डू के नमूने लिए गए।वहीं कुतुबपुर तिराहा कासिमाबाद स्थित जय मां भवानी मिष्ठान भंडार के प्रतिष्ठान से 20 किलो ग्राम दूषित मिठाई बरामद की गई।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार यह मिठाई मानव उपयोग के लिए उपयुक्त नहीं थी। टीम ने मौके पर ही दूषित मिठाई को नष्ट करा दिया।खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संकलित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक
अधिनियम-2006 के अंतर्गत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।यह अभियान आरसी पाण्डेय, सहायक आयुक्त (खाद्य)-II गाजीपुर एवं नरेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी गाजीपुर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा चलाया गया। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त, विपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद प्रजापति, पंकज कुमार कनौजिया एवं अमरनाथ शामिल रहे।विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप की स्थिति रही। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाजारों में मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ने को देखते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटी अथवा मानव स्वास्थ्य के लिए अनुपयुक्त खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।