बाराबंकी। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने गुरुवार दोपहर 1रू00 बजे मुजीबपुर और देवा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाईस्कूल की 15 मेधावी छात्राओं और राज्य स्तरीय कुरास प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया। डीएम ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए जिज्ञासु बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने विशेष रूप से आईएएस बनने के इच्छुक छात्राओं को नियमित अध्ययन करने, प्रश्न पूछने और नई चीजें सीखने की आदत विकसित करने की सलाह दी। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय बिताने से बचने और इसके बजाय पुस्तकों तथा समाचार पत्रों को पढ़ने की आदत डालने का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि इससे सामान्य ज्ञान बढ़ेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलेगी।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ भोजन भी किया और विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, इंटरलॉकिंग कार्य कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने जोर देकर कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, खंड विकास अधिकारी देवा डॉ. नेहा शर्मा, सहायक विकास अधिकारी ग्राम्य विकास राधेश्याम पाल सहित जुगल किशोर, श्रीकांत वर्मा, अनुज कुमार वर्मा, आशीष कुमार वर्मा, नागेंद्र कुमार तथा विकास खंड के अन्य अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।