गाजीपुर । स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य-पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी कर बूंदी के लड्डू के चार नमूने संग्रहित किए।मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने भड़सर शहाबुद्दीनपुर, बिरनो स्थित पप्पू कुमार के प्रतिष्ठान से बूंदी लड्डू का एक नमूना लिया। इसके अलावा दुल्लहपुर स्थित चौहान मार्केट में बुल्लु यादव के प्रतिष्ठान, जमानिया मोड़ स्थित कन्हैया गुप्ता के प्रतिष्ठान तथा शादियाबाद मोड़, नंदगंज स्थित मेसर्स गायत्री स्वीट हाउस से भी बूंदी लड्डू के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए।विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है।
read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteप्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में भी हलचल रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ जाती है, ऐसे में मिलावटी अथवा मानकविहीन खाद्य सामग्री की बिक्री रोकना विभाग की प्राथमिकता है। आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचंद गुप्त, विपिन कुमार गिरि, धनंजय सिंह, अरविंद्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमरनाथ शामिल रहे। विभाग की टीम ने आगे भी इस तरह के अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं।