गाजीपुर । समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सोमवार को जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने के आदेश के विरोध में जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष तौकीर खां के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के बाद महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार ज्योति सिंह को सौंपते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष तौकीर खां ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय के भवनों को गिराने का आदेश छात्रों, नौजवानों और शिक्षा व्यवस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक दुर्भावना और बदले की भावना से प्रेरित है। उनका कहना था कि यदि भवनों में कोई तकनीकी खामी है तो उसका समाधान न्यायिक और विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिए, न कि ध्वस्तीकरण जैसी कठोर कार्रवाई करके छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया जाए।
तौकीर खां ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से छात्र हित लगातार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करते हुए दमनात्मक रवैया अपना रही है और विपक्ष से जुड़े नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को गिराने के आदेश को तत्काल निरस्त किया जाए, ताकि शिक्षा का वातावरण प्रभावित न हो और छात्रों के हित सुरक्षित रह सकें।read more:https://khabarentertainment.in/major-action-by-the-food-safety-department-sauce-factory-raided-550-kg-of-stock-destroyed/……………
प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार ज्योति सिंह को राज्यपाल के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग दोहराई।इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, आमिर अली, मदन यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, शमशेर, टी.के. खां, सरफराज प्रधान, परवेज सभासद, अकबर अहमद, दिलशाद मिट्ठू, मेराज खां, सद्दाम, एजाज, डॉ. समीर सिंह, अमित ठाकुर, फिरोज जमाल, सोनू खां, आरिफ खां सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।