कांवड़ यात्रा को लेकर कैसरगंज थाने में पीस कमेटी की बैठक

आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कैसरगंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कैसरगंज प्रशांत कुमार नायक ने की। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, धर्मगुरु एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम प्रशांत कुमार नायक ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का पर्व है, जिसे सभी लोग आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने अपील की कि यात्रा के दौरान डीजे का संचालन शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप कम ध्वनि स्तर पर किया जाए तथा किसी भी प्रकार के अश्लील या आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण से पूरी तरह बचा जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसमें जनसहयोग सबसे महत्वपूर्ण है।पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कैसरगंज डी.के. श्रीवास्तव ने कांवड़ यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर चलते समय मुख्य सड़क के बीच में न चलें, बल्कि सड़क के किनारे सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि मानव जीवन अमूल्य है, इसलिए यातायात नियमों का पालन करते हुए अपनी सुरक्षा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने सभी से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील भी की।readmore:https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/थानाध्यक्ष कैसरगंज राजकुमार पांडेय ने अपने संबोधन में स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान अश्लील गीत बजाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यात्रा पूरी श्रद्धा, अनुशासन, भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में निकाली जाए, ताकि क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द की मिसाल कायम रहे।बैठक में उपस्थित मौलाना खालिद सहित अन्य संभ्रांत नागरिकों ने भी प्रशासन के संदेश का समर्थन करते हुए सभी समुदायों से आपसी प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की। सभी ने एक स्वर में कहा कि कैसरगंज की गंगा-जमुनी तहज़ीब को कायम रखते हुए कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाया जाएगा।बैठक के अंत में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अथवा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से अपील की गई कि किसी भी समस्या या सूचना की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि कांवड़ यात्रा पूरी सुरक्षा, श्रद्धा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *