सीकर (डॉ. महेश गुप्ता) । पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर एवं सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा एवं दांडिक न्याय विश्वविद्यालय (एसपीयूपी), जोधपुर के बीच शुक्रवार को शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते पर शेखावाटी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय तथा एसपीयूपी, जोधपुर के कुलगुरु पूर्व आईपीएस डॉ. आलोक त्रिपाठी ने हस्ताक्षर किए।एमओयू के तहत दोनों विश्वविद्यालय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग (एआई एवं एमएल), साइबर सिक्योरिटी तथा अन्य उभरते तकनीकी क्षेत्रों में शैक्षणिक, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान गतिविधियों को संयुक्त रूप से बढ़ावा देंगे। साथ ही विशेषज्ञों के आदान-प्रदान, संयुक्त कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, शोध परियोजनाओं एवं विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए भी सहयोग किया जाएगा।शेखावाटी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय ने बताया कि यह समझौता नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को उद्योग एवं तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि एआई, मशीन लर्निंग और साइबर सिक्योरिटी जैसे भविष्य की मांग वाले क्षेत्रों में एसपीयूपी, जोधपुर की विशेषज्ञता का लाभ शेखावाटी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को मिलेगा। इससे रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा तथा नवाचार एवं अनुसंधान की नई संभावनाएं विकसित होंगी। कुलगुरु प्रो. राय ने बताया कि शेखावाटी विवि में एआई—मशीन लर्निंग, साइबर सिक्यूरिटी व साइबर लॉ और डिजिटल फोरेंसिक में पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम और फोरेंसिक साइंस में एमएससी करवाई जाती है।इस अवसर पर शेखावाटी विवि के वित्त नियंत्रक महेश कुमार शर्मा, अध्ययन प्रभारी और सहायक कुलसचिव (परीक्षा) डॉ. आर सी मीना, उप कुलसचिव (अकादमिक) राम सिंह सरावग, उपनिदेशक आईटी पंकज मील और पुलिस विश्वविद्यालय, साइबर सुरक्षा केंद्र के उप निदेशक डॉ अर्जुन चौधरी समेत कई अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। कुलगुरु प्रो. राय ने बताया कि उच्च शिक्षा, अनुसंधान एवं तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में यह समझौता एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सहयोग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं रोजगारपरक शिक्षा को नई गति प्रदान करेगा।read more:https://khabarentertainment.in/excise-department-raids-dhabas/
तकनीकी सहयोग को नई दिशा मिलेगी : डॉ. त्रिपाठी
एसपीयूपी, जोधपुर के कुलगुरु डॉ. आलोक त्रिपाठी ने बताया कि दोनों विश्वविद्यालयों के बीच यह साझेदारी ज्ञान, अनुसंधान एवं तकनीकी सहयोग को नई दिशा प्रदान करेगी। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा तथा राष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक उत्कृष्टता को बढ़ावा मिलेगा। डॉ. त्रिपाठी ने पुलिस विश्वविद्यालय के नवीनतम पाठ्यक्रम बीए पुलिसिंग और कानून प्रवर्तन (BA इन पुलिसिंग और लॉ एनफोर्समेंट) के बारे में जानकारी दी कि यह पूरे भारतवर्ष में अपने आप में पहला और अनूठा पाठ्यक्रम है, जिसके माध्यम से पुलिस के क्षेत्र में रोजगार चुनने वाले छात्रों को अत्यधिक सहायता मिलेगी