गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को जनपद गाजीपुर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का जुलाई-2026 का मासिक (बाह्य) निरीक्षण जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की मौजूदगी में संपन्न हुआ। निरीक्षण में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ कार्यालय से नामित सांख्यिकीय अधिकारी तेज प्रकाश गुप्ता भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रिकॉर्डिंग व्यवस्था, डबल लॉक प्रणाली, प्रवेश नियंत्रण, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यक्षमता, अभिलेखों के संधारण तथा मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव सहित भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का विस्तार से निरीक्षण किया।read more:https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/निरीक्षण में ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रख-रखाव व्यवस्था आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप और संतोषजनक पाई गई। आवश्यक अभिलेखों एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया, जो पूरी तरह व्यवस्थित मिले।
इस दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित पानी की टंकी की मरम्मत का कार्य समय पर पूरा न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों को विलंब के कारणों की जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा मरम्मत कार्य तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रख-रखाव व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए