शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट का अनूठा अभियान, देहदान-अंगदान, नशामुक्ति, वृक्षारोपण और सामाजिक सुधार का दिया संदेश

ललितपुर। मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट, ललितपुर द्वारा रविवार को बबीना कैंट स्थित सिद्धि विनायक मैरिज हॉल में स्व. बच्चू लाल साहू की पुण्य स्मृति में बहुआयामी जनजागरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उनके परिजनों के सहयोग से किया गया, जिन्होंने मृत्यु भोज जैसी कुप्रथा का त्याग कर श्रद्धांजलि सभा आयोजित करते हुए समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। शिविर में रक्तदान, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, देहदान एवं अंगदान जागरूकता, नशामुक्ति अभियान, वृक्षारोपण तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए ऐसे आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी की रक्तदान टीम के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर रहा। शिविर में 10 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्तदान टीम में डॉ. सुनील पांडेय, टेक्निकल सुपरवाइजर अभिषेक मिश्रा, काउंसलर ज्योति भदौरिया, बीटी वैन अटेंडेंट गोविंद सिंह यादव, चालक महीपत सिंह तथा प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं पीयूष सिंह, मोहित कुमार, अर्पित, आलोक, मयंक एवं प्रिया ने सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचा सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रक्तदान करना चाहिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बबीना की स्वास्थ्य टीम द्वारा शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।read more:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/ संध्या एवं रामा नामदेव ने रक्तचाप, रक्त शर्करा सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। शिविर में कुल 122 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञों एवं समाजसेवियों ने देहदान और अंगदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मृत्यु के बाद भी मानव शरीर कई लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। उन्होंने लोगों से इन महादानों के प्रति जागरूक होने और समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने युवाओं से शराब, तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने की अपील करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनजागरण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान वक्ताओं ने मृत्यु भोज जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अनावश्यक सामाजिक खर्च के स्थान पर शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान और जनकल्याण जैसे कार्यों पर धन व्यय करना समाज के लिए अधिक उपयोगी है। स्वर्गीय बच्चू लाल साहू के परिजनों द्वारा लिया गया यह निर्णय सभी के लिए प्रेरणादायक बताया गया। शिविर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का संकल्प दिलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि हर व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे का संरक्षण करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है। समापन पर शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक खुशाल चन्द्र साहू, कोषाध्यक्ष सुषमा साध, उपाध्यक्ष महेश कुशवाहा, ट्रस्टी सामन्त सिंह, बोर्ड सदस्य मनीष पटवारी एवं सौरभ साहू, मीडिया प्रतिनिधि अमित लखेरा एवं देवेन्द्र साहू सहित मुन्नी देवी, सोनम साहू, सचेन्द्र साहू तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *