फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/बैठक में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, सिंचाई समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया एवं उसके लाभ, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खाद के उपयोग, श्री अन्न (मोटे अनाज) के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा खाद-बीज के वैज्ञानिक उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। किसानों की आय बढ़ाने के लिए पारंपरिक खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन और बागवानी अपनाने पर भी जोर दिया गया।सुनवाई के दौरान ब्लॉक अरांव, तहसील सिरसागंज के ग्राम मुस्तफाबाद निवासी बुजुर्ग किसान साहब सिंह ने बताया कि खतौनी में नाम की तकनीकी त्रुटि के कारण उनकी फार्मर रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। इससे उन्हें मक्का बेचने और खाद प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।अन्य किसानों ने भी कृषि, सिंचाई और राजस्व से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने किसानों से अपील की कि किसान समाधान दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। यदि किसी भी किसान को कृषि, सिंचाई, बिजली, खाद, पानी या अन्य विभाग से संबंधित कोई समस्या है तो वह सीधे इस मंच पर आकर अपनी बात रख सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि जिले के किसी भी अन्नदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।बैठक में जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों को लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक शिकायत का सत्यापन कर पारदर्शी तरीके से समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोमेश गुप्ता, जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।