नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार स्थित नाईवाड़ा क्षेत्र के निवासी एवं प्रख्यात फोटोग्राफर तथा वरिष्ठ नागरिक श्री अशोक निगम ने क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में सीवर का पानी मिलने की गंभीर समस्या को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। अशोक निगम, निवासी 2511, नाईवाड़ा, चावड़ी बाजार, ने बताया कि उनके घर सहित आसपास के अनेक मकानों में पिछले कई दिनों से नलों के माध्यम से कीचड़युक्त एवं दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। उनका कहना है कि क्षेत्र में सीवर पाइपलाइन टूट जाने के कारण सीवर का गंदा पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।read more:https://khabarentertainment.in/ghosiya-nagar-panchayats-entire-system-collapsed-during-just-five-minutes-of-rain/उन्होंने बताया कि इस संबंध में सीवर विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री कार्यालय में भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई, किंतु वहां से भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि टूटी हुई सीवर लाइन के कारण घरों में आने वाला पानी पीने योग्य नहीं रह गया है। लोगों को पीने, खाना बनाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों को आशंका है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जलजनित बीमारियों का प्रकोप फैल सकता है।नाईवाड़ा के निवासियों ने दिल्ली जल बोर्ड, सीवर विभाग तथा दिल्ली सरकार से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कर क्षतिग्रस्त सीवर पाइपलाइन की मरम्मत कराई जाए तथा प्रभावित क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जनहित में व्यापक आंदोलन करने को विवश होंगे।स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से अपील की है कि जनता के स्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।