सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने और बिहार में उसकी सप्लाई करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने करीब 25 लाख रुपए कीमत की शराब निर्माण सामग्री, 600 लीटर रेक्टिफाइड स्पिरिट, 36 हजार कांच की शराब की शीशियां तथा एक ट्रेलर वाहन बरामद करते हुए हरियाणा के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।read more:https://pahaltoday.com/major-action-by-mineral-department-2-mines-sealed-7-trucks-seized/
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को सूचना मिली कि रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बट्ट स्थित मामा ढाबा परिसर में खड़े एक ट्रेलर में अवैध शराब बनाने की सामग्री लदी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी के दौरान ट्रेलर से 600 लीटर रेक्टिफाइड स्पिरिट, 46 किलोग्राम कैरेमल, फ्लेवरिंग एसेंस, 160 यूनाइटेड स्पिरिट ब्रांड के पैकिंग टेप तथा 180 एमएल और 375 एमएल की करीब 36 हजार खाली कांच की शराब की बोतलें बरामद किया। पुलिस ने ट्रेलर समेत पूरी खेप को जब्त कर दो आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरिओम पंवार (39) एवं दिनेश पंवार (32) निवासी ग्राम खाचरोली, थाना शालावास, जिला झज्जर (हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे पंजाब के खन्ना से शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री लेकर बिहार-झारखंड सीमा के हरिहरगंज क्षेत्र जा रहे थे। वहां इस स्पिरिट, कैरेमल और एसेंस को मिलाकर नकली शराब तैयार की जाती थी और नामी कंपनियों की पैकिंग में भरकर बिहार में असली शराब बताकर बेचा जाता था। आरोपितों ने यह भी स्वीकार किया कि परिवहन के लिए फर्जी बिल्टी और दस्तावेज तैयार कराए गए थे तथा पूरा नेटवर्क व्हाट्सएप कॉल और ऑनलाइन भुगतान के जरिए संचालित होता था। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।