गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत जनपद गाजीपुर में शुक्रवार को व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।raed more:https://pahaltoday.com/delay-in-justice-leads-to-failure-of-justice-prof-vijay-tiwa
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पैदल गश्त की। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े अधिकारों, महिला हेल्पलाइन सेवाओं तथा किसी भी प्रकार की उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।
वहीं जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने स्कूल, कॉलेज, बाजार एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर सघन भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध एवं मनचलों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई, ताकि महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
गाजीपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा के प्रति जनपद में अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।