महराजगंज तराई (बलरामपुर) विकास खंड तुलसीपुर की ग्राम पंचायत गुलरिहा हिसामपुर में ‘विकसित भारत गारंटी रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ का शुभारंभ जनसम्मेलन के माध्यम से किया गया। खंड विकास अधिकारी तुलसीपुर सुनील कुमार आर्य की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रमिकों ने भाग लिया तथा रोजगार कार्यों की विधिवत शुरुआत की गई।इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी तुलसीपुर सुनील कुमार आर्य ने कहा कि मिशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना, आजीविका को सशक्त बनाना तथा गांवों के विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र श्रमिकों को 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा तथा 300 रुपये प्रतिदिन की निर्धारित दर से मजदूरी का भुगतान किया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/aarohi-became-dm-for-a-day-boosted-the-morale-of-the-girl-students/
उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण परिवारों को गांव में ही रोजगार मिलेगा, उनकी आय में वृद्धि होगी और पलायन की समस्या में कमी आएगी। साथ ही ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने श्रमिकों से पूरी निष्ठा एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करने की अपील की। इस मौके पर ग्राम पंचायत सचिव राहुल शुक्ला, ग्राम प्रधान अमन कुमार वर्मा, रोजगार सेवक, सहित श्रमिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने योजना के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।