भदोही। आज भदोही जनपद की स्थापना को 33 वर्ष पूर्ण हो गए। यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि कालीन नगरी के रूप में भदोही ने देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस सम्बन्ध में समाजसेवी अरसलान खान ने कहा कालीन उद्योग, व्यापार, शिक्षा और सड़क संपर्क के क्षेत्र में समय-समय पर कुछ सकारात्मक बदलाव भी हुए हैं।लेकिन एक सवाल आज भी ज़रूर उठता है क्या भदोही की स्थापना वास्तव में सम्पूर्ण हो पाई है।read more:https://pahaltoday.com/retired-officers-house-in-up-notes-everywhere-currency-found-scattered-everywhere/आज भी जनपद की अनेक बस्तियाँ और गाँव मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कई स्थानों पर बिजली के खंभों और नियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या है, जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है, अनेक सड़कें बदहाल हैं और स्वच्छ पेयजल की समस्या बनी हुई है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिला बनने के 33 वर्ष बाद भी भदोही को उसकी आवश्यकता के अनुरूप स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन सुविधाएँ नहीं मिल सकी हैं। आज भी एक आधुनिक मेडिकल कॉलेज, ट्रॉमा सेंटर, बेहतर जिला अस्पताल तथा गंभीर मरीजों के लिए पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में लॉ कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और अन्य पेशेवर शिक्षण संस्थानों की कमी साफ दिखाई देती है, जिसके कारण विद्यार्थियों को दूसरे जनपदों और शहरों का रुख करना पड़ता है। रेल सुविधा होने के बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का भदोही में ठहराव नहीं है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। जनपद में एक सुसज्जित और आधुनिक रोडवेज बस स्टेशन की आवश्यकता भी लंबे समय से महसूस की जा रही है। युवाओं के लिए बड़े उद्योग, रोजगार के अवसर, खेल सुविधाएँ और निवेश की संभावनाएँ भी अपेक्षित स्तर तक विकसित नहीं हो सकी हैं। भदोही ने 33 वर्षों का सफर तय कर लिया है, लेकिन अब समय है कि विकास का लाभ हर गाँव, हर मोहल्ले और हर नागरिक तक पहुँचे। स्थापना दिवस तभी सार्थक होगा, जब भदोही केवल नाम से नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के मामले में भी एक आदर्श जनपद बनकर उभरे। समाजसेवी अरसलान खान ने कहा 33 वर्षों की इस यात्रा पर हमें गर्व है, लेकिन अब भदोही को उसकी पहचान के अनुरूप सुविधाएँ और विकास भी मिलना चाहिए। जश्न के साथ-साथ अधूरे सपनों और ज़रूरतों को पूरा करने का संकल्प भी लेना होगा।