भदोही। जिला सूचना कार्यालय में मंगलवार को वरिष्ठ वाहन चालक कैलाशपति तिवारी के अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने 29 वर्षों के समर्पित, अनुकरणीय व निष्कलंक सेवा-काल को याद कर उनके व्यक्तित्व-कृतित्व की सराहना की और स्वस्थ-सुखद जीवन की कामना की।इस दौरान जिला सूचना अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने कहा कि श्री तिवारी ने पूरे सेवा-काल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन व जिम्मेदारी का उत्कृष्ट परिचय दिया। उनकी नियुक्ति 11 अगस्त 1997 को हुई थी और 29 वर्षों तक पूरी निष्ठा-समर्पण से सेवाएं दीं। आज 30 जून को अधिवर्षता आयु पूर्ण कर उन्होंने शासकीय सेवा सफलतापूर्वक पूरी की। उन्होंने कहा कि श्री तिवारी का सरल, सौम्य व सहयोगात्मक व्यवहार सबके लिए प्रेरणास्रोत रहा। कार्यालय के कार्य समयबद्ध, पारदर्शी व दक्षता से संपादित किए।read more:https://pahaltoday.com/mission-shakti-team-made-women-and-girls-aware-2/ अनुभव व कार्यकुशलता से विभाग की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। किसी भी संस्थान की शक्ति कर्मठ-ईमानदार कर्मचारी होते हैं, श्री तिवारी ने इसे सार्थक सिद्ध किया। कर्मचारियों ने कहा कि श्री तिवारी सौहार्दपूर्ण माहौल में काम के पक्षधर रहे। कनिष्ठ सहयोगियों का मार्गदर्शन किया और टीम भावना से हर दायित्व निभाया। अनुभव, सादगी व सकारात्मक कार्यशैली कार्यालय परिवार को सदैव याद रहेगी। समारोह में कैलाशपति तिवारी को अंगवस्त्र व स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी ने भावभीनी विदाई देते हुए दीर्घायु-सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।इस मौके पर वरिष्ठ सहायक गुलाबधर यादव, कंप्यूटर ऑपरेटर मानवेंद्र कुमार, अनुसेवक आकाश कुमार, वाहन चालक राज कुमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।