सहारनपुर टेक्सटाइल प्रीमियर लीग-2026 का शुभारंभ, पांच दिन तक चलेगा क्रिकेट महाकुंभ

सहारनपुर। शहर के कपड़ा व्यापारियों और युवा खिलाड़ियों के उत्साह के बीच सहारनपुर टेक्सटाइल प्रीमियर लीग-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पंजाबी मार्केट के प्रधान रमेश अरोड़ा ने समिति के सदस्यों के साथ फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ टीमें भाग ले रही हैं। यह लीग लगातार पांच दिनों तक चलेगी, जिसमें प्रतिदिन रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य कपड़ा व्यापार से जुड़े युवाओं को खेल के माध्यम से एक मंच पर लाना, आपसी भाईचारा बढ़ाना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना है। उद्घाटन अवसर पर प्रधान रमेश अरोड़ा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को खेलों से जोड़ने का कार्य करते हैं।read more:https://pahaltoday.com/the-book-vijay-purush-se-rashtraphari-rajnath-singh-will-be-released/प्रतियोगिता की कमेंट्री अनहद द्वारा की जा रही है। अपनी दमदार और प्रभावशाली आवाज से वह प्रत्येक मुकाबले को रोमांचक बना रहे हैं। उनकी शानदार प्रस्तुति खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी जोश भर रही है, जिसकी सभी ने सराहना की। आयोजन समिति में पंकज धमीजा, विवेक बजाज, हैप्पी गिरधर, सागर गिरधर, ईशान अरोड़ा एवं संयम सेठ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी फ्लोरिडा कंपनी की ओर से प्रदान की गई है। वहीं आयोजन का संचालन किंग्स इवेंट द्वारा किया जा रहा है तथा शहरी चैपाल प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया प्रतियोगिता का आधिकारिक मीडिया सहयोगी है। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में व्यापारी, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। पहले दिन से ही मुकाबलों को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता आने वाले वर्षों में सहारनपुर के खेल कैलेंडर का प्रमुख आयोजन साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *