सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित सेंट्रल पार्क कॉलोनी के गेट नंबर-1 के सामने चल रहे निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान निर्माण के साथ-साथ सार्वजनिक सड़क और नाले के हिस्से पर भी अवैध कब्जा किया जा रहा है, जिससे भविष्य में यातायात और जल निकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम से तत्काल हस्तक्षेप कर मामले की जांच कराने की मांग की है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्हें किसी व्यक्ति द्वारा दुकान बनाने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सार्वजनिक सड़क और नाले पर निर्माण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। आरोप है कि निर्माण के दौरान सड़क की ओर सीढ़ियां बनाई गई हैं तथा नाले के ऊपर स्थायी निर्माण किया गया है, जिससे सड़क की चैड़ाई लगातार कम होती जा रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार यह मार्ग कॉलोनी का प्रमुख प्रवेश मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और लोग आवागमन करते हैं। यदि सड़क पर अतिक्रमण जारी रहा तो आने वाले समय में जाम की स्थिति पैदा हो सकती है।read more:https://pahaltoday.com/khalsa-srcc-and-ramjas-college-win-in-pspb-baba-deep-singh-basketball/लोगों का यह भी कहना है कि बरसात के मौसम में नाले पर किए गए निर्माण के कारण पानी की निकासी बाधित होने की आशंका है, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित विभागों तक पहुंचाई जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच कर आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो सार्वजनिक भूमि पर कब्जे की ऐसी प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिलेगा। क्षेत्रवासियों ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण के सचिव तथा नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि मौके का तत्काल सड़क और नाले पर किए गए कथित अतिक्रमण की भी जांच कराई जाए। निवासियों का कहना है कि शहर में विकास कार्यों के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्तियों और सड़कों की सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई की जाए ताकि सड़क की चैड़ाई बरकरार रहे और भविष्य में क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।