कानपुर देहात। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने आज अकबरपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था यू०पी०प्रोजेक्ट्स कोर्पोरेशन लिमिटेड के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय परिसर में निर्मित किए जा रहे विभिन्न भवनों, कक्षाओं, प्रशासनिक कक्ष, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, विद्युत सुविधाओं एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की तथा कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराना है। ऐसे विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधाएं, स्मार्ट कक्षाएं, खेलकूद एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। read more:https://pahaltoday.com/the-book-vijay-purush-se-rashtraphari-rajnath-singh-will-be-released/
निरीक्षण के दौरान श्री जायसवाल ने निर्माण कार्य की गति को और तेज करने तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय का निर्माण पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण संस्थान उपलब्ध होगा, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।