बिजनौर। विदुरकुटी रोड पर हाल ही में स्थापित मदिरा दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में विरोध बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को एक जनहित प्रार्थना-पत्र सौंपकर दुकान के स्थान चयन की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।read more:https://pahaltoday.com/retired-teachers-and-shikshamitras-honored-at-baragaon-brc/
प्रार्थना-पत्र में कहा गया है कि मदिरा दुकान घनी आबादी वाले क्षेत्र के मुख्य प्रवेश मार्ग पर स्थित है। इसके आसपास मस्जिद, मदरसा, विद्यालय तथा आवासीय कॉलोनियां मौजूद हैं। प्रतिदिन इस मार्ग से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और आम लोग गुजरते हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में शराब की दुकान संचालित होने से सामाजिक वातावरण, सार्वजनिक शांति, महिलाओं की सुरक्षा तथा सड़क सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।क्षेत्रवासियों ने अपने ज्ञापन में भारतीय संविधान के अनुच्छेद-21 के तहत सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण जीवन के अधिकार तथा अनुच्छेद-47 में जनस्वास्थ्य की रक्षा और मादक पेयों के सेवन को हतोत्साहित करने संबंधी नीति-निर्देशक सिद्धांतों का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि प्रशासन को जनहित और सार्वजनिक व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस मामले पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।प्रार्थना-पत्र में मांग की गई है कि मदिरा दुकान के लाइसेंस एवं स्थान चयन की वैधानिक जांच कराई जाए। जिला आबकारी अधिकारी एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मौके का निरीक्षण कराया जाए तथा मस्जिद, मदरसा, विद्यालय और घनी आबादी से दुकान की वास्तविक दूरी का सत्यापन किया जाए। साथ ही स्थानीय नागरिकों की आपत्तियों पर विचार करते हुए यदि आवश्यक हो तो दुकान को किसी वैकल्पिक एवं कम संवेदनशील स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया है कि जिला प्रशासन जनभावनाओं, कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक हित को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष निर्णय लेकर उचित कार्रवाई करेगा। ज्ञापन पर क्षेत्र के अनेक नागरिकों ने हस्ताक्षर कर प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है।