गाजीपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला कारागार गाजीपुर में शनिवार को योग शिविर का पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों एवं कारागार कर्मियों को योग के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।read more:https://pahaltoday.com/mission-shakti-team-made-women-and-girls-aware-2/जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे की अध्यक्षता में आयोजित इस योगाभ्यास कार्यक्रम में चिकित्सालय रौजा, गाजीपुर के योग प्रशिक्षक संदीप पांडेय के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षक ने उपस्थित लोगों को नियमित योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। कार्यक्रम में कारागार के अधिकारियों, जेल वार्डरों सहित लगभग 195 बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास किया। इस दौरान बंदियों को योग के माध्यम से मानसिक संतुलन, आत्मअनुशासन तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी को नियमित रूप से योग करने का संदेश दिया। इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव, उपकारापाल राजेश कुमार, शिक्षा अध्यापक धर्मेंद्र श्रीवास्तव, अभय मौर्य, बंदी रक्षकगण एवं अन्य कारागार कर्मचारी उपस्थित रहे। योगाभ्यास कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।