गैलन में डीजल देने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे किसान

सोनभद्र। खेती के लिए गैलन और जर्किन में डीजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर रविवार को किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में किसानों ने रामगढ़-रॉबर्ट्सगंज स्टेट हाईवे पर उतर कर बेमियादी चक्काजाम किया। इस दौरान किसानों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।read more:https://pahaltoday.com/the-film-bolo-radhe-radhe-has-the-power-to-shake-our-soul-along-with-entertainment-ravi-bhatia/रामगढ़ पेट्रोल पंप के समीप सुबह से ही किसानों का जुटान शुरू हो गया था। देखते ही देखते बड़ी संख्या में किसान सड़क पर उतर आए और हाईवे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा तथा सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि किसान खेती-किसानी के कार्यों के लिए डीजल पर निर्भर हैं, लेकिन उन्हें गैलन और जर्किन में डीजल उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इससे खेती के कार्य प्रभावित हो रहे हैं और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। विजयगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने एकजुट होकर सरकार से किसानों के लिए डीजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों का कहना था कि खेतों तक मशीनें और डीजल नहीं पहुंच पाएंगे तो कृषि कार्य प्रभावित होंगे, जिसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा। संदीप मिश्रा ने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान अपनी समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर जिले भर में आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में विजेंद्र पटेल, राजू मौर्य, दिनेश पटेल, धीरज कनौजिया, राकेश पांडेय, प्रमोद धागर, जितेंद्र लकड़ा, आकाश चैहान, शत्रुधन बिंद, संजय बियार, मगरू मौर्य, विजय, विक्की पटेल, सुजीत, शुभम सिंह सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि कृषि कार्यों को प्रभावित होने से बचाने के लिए गैलन एवं जर्किन में डीजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *