स्योहारा। ठाकुरद्वारा मार्ग पर बुधवार देर रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार कार बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलटकर सड़क के बीचोंबीच जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा कार में सवार लोग अंदर फंस गए। गनीमत रही कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे आरक्षी अमजद खान ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने स्थानीय लोगों की सहायता से कार में फंसे चारों युवकों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी।read more:https://pahaltoday.com/the-book-vijay-purush-se-rashtraphari-rajnath-singh-will-be-released/
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वयं राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते हुए सड़क पर लगी भीड़ को नियंत्रित कराया तथा पलटी हुई कार को सीधा कराकर सड़क किनारे हटवाया। इसके चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से जल्द ही आवागमन सामान्य कर दिया गया। हादसे में नई सराय निवासी अल्तमस, शानू, फैजान और अबरार घायल हो गए। बताया जाता है कि चारों युवक स्योहारा स्थित एक होटल में भोजन करने आए थे और वापस लौटते समय दुर्घटना का शिकार हो गए। घायलों में एक युवक के हाथ में चोट आई है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं।स्थानीय लोगों ने आरक्षी अमजद खान और प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार की तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो हादसा और गंभीर रूप ले सकता था। पुलिस की सक्रियता के कारण घायलों को शीघ्र उपचार मिल सका और यातायात भी जल्द बहाल हो गया।