विशेश्वरगंज को बाल श्रम मुक्त बनाने का संकल्प, शेखापुर ग्राम पंचायत घोषित बाल श्रम मुक्त

बहराइच ( विशेश्वरगंज )। बाल श्रम उन्मूलन के लक्ष्य को लेकर विकास खंड स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक खंड विकास अधिकारी अपर्णा सैनी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायत शेखापुर को बाल श्रम मुक्त घोषित किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया गया।बैठक के दौरान विकास खंड विशेश्वरगंज को पूर्णतः बाल श्रम मुक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। अधिकारियों एवं विभागीय प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से विचार-विमर्श कर बाल श्रम उन्मूलन अभियान को गति देने तथा पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।श्रम विभाग के जिला परामर्शदाता एवं रोसा संस्था से जुड़े विकास जायसवाल ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार पंजीकरण कार्ड के लाभों से अवगत कराया। उन्होंने वर्ष 2026 तक आकांक्षी जनपद बहराइच को बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी विभागों से सक्रिय सहयोग की अपील की।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. कुणाल मिश्रा ने बताया कि बाल श्रम मुक्त विकास खंड के लक्ष्य को हासिल करने के लिए एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।read more:https://khabarentertainment.in/police-crack-down-on-illegal-mining-seize-loader-loaded-with-soil/बीसीपीएम धर्मेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि चिन्हित परिवारों को जागरूक कर बच्चों को बाल श्रम से दूर रखने और उन्हें शिक्षा व सरकारी योजनाओं से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।खंड शिक्षाधिकारी कमलेश कुमार मिश्र ने विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों के नियमित नामांकन पर जोर देते हुए शिक्षा से जोड़ने के निरंतर प्रयासों की जानकारी दी। वहीं बाल विकास परियोजना की मुख्य सेविका शशिबाला सिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से बाल श्रम मुक्त अभियान एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीतू बाला सिंह एवं शिवानी ने शेखापुर ग्राम पंचायत को बाल श्रम मुक्त घोषित करने का प्रस्ताव सौंपते हुए भरोसा दिलाया कि गांव में बाल श्रम की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी।बैठक में उपस्थित बाल कल्याण पुलिस अधिकारी ओंकार यादव एवं कांस्टेबल सुषमा ने भी बाल श्रम रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियानों में पुलिस विभाग के सहयोग का आश्वासन दिया। रोसा संस्था के ब्लॉक समन्वयक विजय पाठक ने बाल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।बैठक के अंत में सभी विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि आपसी समन्वय और जनसहभागिता के माध्यम से वर्ष 2026 तक विकास खंड विशेश्वरगंज को बाल श्रम मुक्त बनाकर जनपद का दूसरा बाल श्रम मुक्त विकास खंड बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *