चलती ट्रेन की चपेट में युवक की दर्दनाक मौत,15 मिनट तक बाधित रहा रेल संचालन

बहराइच ( पयागपुर तहसील )l पयागपुर रेलवे स्टेशन के सामने बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे में चलती ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और करीब 15 मिनट तक रेल यातायात प्रभावित रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोरखपुर से बहराइच जा रही ट्रेन संख्या 05131 पयागपुर रेलवे स्टेशन पर निर्धारित ठहराव के बाद रवाना होने की तैयारी में थी। इसी दौरान स्टेशन के सामने रेलवे ट्रैक पर एक युवक अचानक ट्रेन के पहियों के नीचे आ गया। ट्रेन गुजरने से युवक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी। हादसे के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।read more:https://pahaltoday.com/a-public-awareness-campaign-will-be-launched-from-june-5-to-21-to-mark-the-completion-of-12-years-of-the-central-government/रेलवे कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद शव को ट्रैक से हटाया, जिसके बाद रेल संचालन दोबारा शुरू कराया जा सका। इस दौरान लगभग 15 मिनट तक रेल यातायात बाधित रहा। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। वह जींस और शर्ट पहने हुए था, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। स्टेशन मास्टर ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस को दे दी गई है। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। युवक की पहचान न होने के कारण पुलिस आसपास के थानों और लोगों से संपर्क कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *