सोनभद्र। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक जनपद में व्यापक जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।read more:https://pahaltoday.com/strengthen-bhakiyu-tikait-which-is-fighting-the-farmers-battle-strongly-sunil-pradhan/बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर होगा। इस दौरान अमृत सरोवरों, तालाबों, नहरों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। वहीं 11 जून से 14 जून तक मीडिया संवाद एवं संबोधन कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा 14 से 16 जून तक सभी विकास खंडों में जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा, जहां पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ जनसमस्याओं का निस्तारण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 और 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं सुशासन की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित वृहद योग कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।